धान खरीदी में मोहला जिला अव्वल, 27 केन्द्रों पर 4 लाख क्विंटल से ज्यादा खरीद
मोहला। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए धान खरीदी इस बार पूरी तरह सुचारू चल रही है। जिला प्रशासन ने पहले ही तैयारी मजबूत कर ली थी, जिसका असर अब उपार्जन केन्द्रों पर साफ दिख रहा है। किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत न आए, इसके लिए 27ों केन्द्रों पर विशेष व्यवस्था की गई है।
एग्रीस्टेक पोर्टल पर कृषकों के छूटे हुए खसरे जोड़े जा रहे हैं, ताकि वे अपने सही रकबे के अनुरूप धान बेच सकें। रकबे या फसल प्रविष्टि में गड़बड़ी मिलने पर खाद्य विभाग के भौतिक सत्यापन ऐप के जरिए अधिकारी मौके पर जांच कर संशोधन कर रहे हैं।
अब तक 8,469 किसानों ने बेचा 4,06,697 क्विंटल धान
जिले के सभी उपार्जन केन्द्रों में खरीद लगातार जारी है। अब तक 8,469 किसानों से 4,06,697 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। किसानों की भीड़ न बढ़े, इसके लिए प्रशासन ने तुहर टोकन ऐप के जरिए घर बैठे ऑनलाइन टोकन जारी करने की सुविधा दी है। ऐप से टोकन न निकाल पाने वाले किसानों को केन्द्रों से ही टोकन उपलब्ध कराया जा रहा है।
उड़नदस्ता और निगरानी दल सक्रिय, 28 मामलों में जप्ती
अवैध धान बिक्री और परिवहन रोकने प्रशासन सख्त है। उड़नदस्ता व निगरानी दल लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। अब तक 28 प्रकरणों में 1,718 क्विंटल धान जप्त किया गया है।
बिचौलियों पर नकेल, रकबा शून्य करने की प्रक्रिया जारी
बिचौलियों की अनियमितता रोकने किसानों द्वारा विक्रय के बाद बचा रकबा शून्य कराया जा रहा है। प्रशासन ने बताया कि अब तक 2,353 किसानों से 754.94 हेक्टेयर रकबा समर्पित कराया जा चुका है।
प्रशासन ने कहा—धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की अनियमितता पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

