डिजिटल क्रॉप सर्वे का निरीक्षण करने खेतों में पहुंची कलेक्टर तुलिका प्रजापति
मोहला। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने मंगलवार को विकासखंड मोहला के ग्राम रानाटोला और घावड़ेटोला पहुंचकर डिजिटल क्रॉप सर्वे का निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम हेमेंद्र भूआर्य भी उनके साथ मौजूद रहे।
कलेक्टर प्रजापति ने खेतों में जाकर सर्वेयर द्वारा किए जा रहे सर्वे और एप में ऑनलाइन दर्ज किए जा रहे डाटा की जानकारी ली। उन्होंने सर्वेयरों को निर्देश दिए कि कार्य को सटीक और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करें।
किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
कलेक्टर ने बताया कि यह सर्वे फील्ड लेवल पर सीधे खेतों में जाकर किया जा रहा है। सर्वेयर को फसल की वास्तविक स्थिति और विवरण एग्रीटेक एप में दर्ज करना होता है, साथ ही फोटो भी अपलोड करनी होती है। बाद में इसकी पुष्टि पटवारी और वरिष्ठ अधिकारी करेंगे।
इससे फसल का वास्तविक मूल्यांकन संभव होगा और जमीन की परिसम्मति से जुड़ी सटीक जानकारी मिलेगी।
फसल बीमा और खरीदी व्यवस्था होगी पारदर्शी
डिजिटल क्रॉप सर्वे से किसानों को फसल बीमा योजना, क्षति आकलन और कृषि योजनाओं का लाभ जल्दी और पारदर्शी तरीके से मिल सकेगा।
इसके साथ ही आगामी धान खरीदी व्यवस्था और कृषि नीति को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
तकनीकी और आर्थिक सहयोग भी संभव
इस सर्वे से तैयार होने वाला अत्याधुनिक डेटा भविष्य में किसानों को समय पर तकनीकी मार्गदर्शन और आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने में सहायक होगा।

