प्रथम जैन तीर्थंकर 1008 श्री आदिनाथ भगवान का जन्म कल्याणक महोत्सव उल्लास पूर्वक मनाया गया

शेयर करें...

राजनांदगांव। 23 मार्च, दिन-रविवार को जैन संप्रदाय के प्रथम तीर्थंकर ऋषभदेव आदिनाथ भगवान का जन्म कल्याणक महोत्सव पूरे उत्साह और उमंग के साथ दिगंबर जैन मंदिर गंज लाइन में मनाया गया।
समाज के सचिव सूर्यकांत जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रातः 8 बजे भगवान श्री आदिनाथ जी की शोभायात्रा शहर भ्रमण एवं अहिंसा धर्म प्रभावना के लिए निकली, जिसमें समाज की महिला-पुरुषों एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शोभायात्रा में जैन आदर्श महिला मंडल ने विशेष पोशाक पहनकर शोभायात्रा को आकर्षक बनाया। वहीं जैन समाज के युवा साथियों ने भगवान के रथ को स्वयं अपने हाथों से खींचा और भक्ति के साथ भजन गाते हुए शोभायात्रा जैन पताका फहराते हुए गंज लाइन, भरकापारा, लोहारपारा, गंज चौक, रामाधीन मार्ग होते हुए मंदिर जी में समापन किया गया।
शोभायात्रा के पश्चात आदिनाथ भगवान की खड्गासन प्रतिमा का महा मस्तकाभिषेक विद्वान शास्त्री जी एवं प्रभात भैया के मार्गदर्शन में चंद्रकांत जैन द्वारा बोलियों के माध्यम से पात्रों का चयन करते हुए सौधर्में इंद्र, कुबेर इंद्र, ईशान इंद्र, महेंद्र इंद्र बनकर श्रावक सृष्टि जनों ने अभिषेक एवं शांति धारा कर पुण्य लाभ लिया।
तत्पश्चात भगवान की महा आरती समाज के सभी श्रावकों ने सामूहिक रूप से की। इसके बाद आदर्श महिला मंडल के द्वारा स्वल्पाहार का आयोजन किया गया।
उक्त कार्यक्रम को सफल बनाने एवं अहिंसा धर्म की प्रभावना के लिए जैन समाज के अध्यक्ष अशोक झंझरी, पीसी जैन, पप्पु भैया, कोषाध्यक्ष सुधेश जैन, रविकांत जैन, पूनम जैन, पार्षद राजेश जैन, राजीव जैन, अनिल जैन, अखिलेश जैन, ललित जैन, महिला मंडल अध्यक्ष सीमा जैन, मनोज जैन ने सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। उक्त जानकारी दिगम्बर जैन पंचायत के सचिव सूर्यकांत जैन ने दी।