राजनांदगांव व डोंगरगांव जनपद पर भाजपा का शानदार कब्जा

शेयर करें...

राजनांदगांव। भारतीय जनता पार्टी ने आज जिले में संपन्न राजनांदगांव व डोंगरगांव के जनपद पंचायतों में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष दोनो पदों पर क्लीन स्वीप करते हुये कांग्रेस को बुरी तरह मात दी। राजनांदगांव जनपद पंचायत में तो 20 वर्षों में पहली बार भाजपा ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के दोनों चुनावों पर जीत का परचम लहराया।
भाजपा मीडिया सेल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जिला भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री सौरभ कोठारी ने एक प्रेस बयान में उक्ताशय की जानकारी मीडिया को देते हुये बताया कि आज जिले में दोनों जनपद पंचायतों के चुनाव में भाजपा को एकतरफा जीत मिली। विशेषकर राजनांदगांव जनपद पंचायत में पार्टी के निर्वाचित जनपद सदस्यों से कहीं ज्यादा वोट हासिल किया। दो दशक पश्चात् पार्टी ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के दोनो पदों पर जीत हासिल की, यह करिशमा 20 वर्षो में पहली बार हुआ। पार्टी की अधिकृत उम्मीदवार प्रतिमा पप्पू चन्द्राकर ने 19 वोट हासिल करके एकतरफा मुकाबले में कांग्रेस को शर्मनाक पराजय दी। इसी प्रकार उपाध्यक्ष पद की प्रत्याशी अनिता डिगेन्द्र सिन्हा ने भी एकपक्षीय मुकाबले में कांग्रेस प्रत्याशी को बुरी तरह मात दी।
श्री कोठारी ने आगे कहा कि इसी तरह जनपद पंचायत डोंगरगांव के चुनाव में भी पार्टी ने दोनो पदों पर विजयश्री प्राप्त की। पार्टी के अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रंजीता पडौती ने कांग्रेस को शिकस्त देकर अध्यक्ष पद पर विजय हासिल की। इसी तरह उपाध्यक्ष पद पर भी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी मनीष कुमार साहू ने विजयश्री हासिल की। दोनों जनपदों में बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता प्रारंभ से अंत तक मोर्चा संभाले रखे और विजयश्री प्राप्त करने पर शानदार खुशियां मनाई।
श्री कोठारी ने आगे कहा कि आज संपन्न चुनाव में विजयश्री हासिल करने के बाद पार्टी अब कल जनपद पंचायत डोंगरगढ़ व जनपद पंचायत छुरिया के होने वाले चुनाव में विजयी होने के लक्ष्य को आगे बढ़ रही है। श्री कोठारी ने दावा करते हुये कहा कि पार्टी डोंगरगढ़ व छुरिया में भी पूर्ण बहुमत में है और अध्यक्ष.उपाध्यक्ष के दोनों पदों पर विजयश्री हासिल करेंगी।

(यह खबर टीम नेशन अलर्ट द्वारा संपादित नहीं की गई है. जैसी मिली वैसी प्रकाशित हुई है. अत: नेशन अलर्ट किसी भी तरह की गल्ती के लिए जिम्मेदार नहीं है.)