धान विक्रय से उद्धव सिंह खरीदेंगे आधुनिक कृषि उपकरण, बढ़ाएंगे उत्पादन क्षमता
मोहला। विकासखंड मोहला के ग्राम बंजारी निवासी किसान श्री उद्धव सिंह ने भोजटोला धान उपार्जन केंद्र में अपने 300 कट्टा धान को राज्य सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य 3100 रुपए प्रति क्विंटल पर बेचा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष खरीदी प्रक्रिया सुव्यवस्थित और पारदर्शी रही, जिसमें टोकन से लेकर वजन, तौल और भुगतान तक कोई कठिनाई नहीं हुई।
उद्धव सिंह ने कहा कि धान बिक्री से प्राप्त राशि का उपयोग ट्रैक्टर और आधुनिक कृषि उपकरण खरीदने में किया जाएगा, जिससे कृषि कार्य में सुविधा के साथ उत्पादन क्षमता भी बढ़ेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसान-केंद्रित नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रबंधन से किसान आर्थिक रूप से सशक्त बन रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि खरीदी केंद्र का प्रबंधन उत्कृष्ट रहा, पर्याप्त बारदाना, सुव्यवस्थित परिसर और सहयोगी कर्मचारी किसानों के लिए धान विक्रय को आसान बना रहे हैं। इस पारदर्शी प्रक्रिया ने ग्रामीण किसानों में उत्साह और संतोष बढ़ाया है।

