रजत महोत्सव पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम, 1000 से अधिक पौधे लगाए गए
मोहला। रजत महोत्सव के अवसर पर वनमंडल मोहला ने जिले के विभिन्न स्थानों पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान मोंगरा इको टूरिज्म केंद्र में 150, नवीन वन मंडल कार्यालय में 100 और 39 लघु वनोपज प्रबंधक कार्यालयों में कुल 780 पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम में 900 से अधिक जनप्रतिनिधि, तेंदूपत्ता संग्राहक और ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाना और जैव विविधता को सुदृढ़ करना बताया गया।
इस अवसर पर प्रतिभागियों को पौधारोपण के महत्व, पर्यावरण संरक्षण के उपाय और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सामुदायिक भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें तेंदूपत्ता संग्रहण योजना, किसान वृक्ष मित्र योजना, संयुक्त वन प्रबंधन समिति के लाभ, तेंदूपत्ता बीमा योजना, छात्रवृत्ति योजना और लघु वनोपज संग्रहण से संबंधित विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।
वनमंडल अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल पर्यावरण के लिए लाभकारी हैं, बल्कि ग्रामीणों और स्थानीय समुदाय को योजनाओं से जोड़कर सतत विकास की दिशा में भी मार्गदर्शन करते हैं।

