नगर पंचायत छुरिया में नवनियुक्त जिला व शहर कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्षों का भव्य स्वागत-अभिनंदन
छुरिया। नगर पंचायत छुरिया में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के नवनियुक्त अध्यक्ष विपिन यादव और जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार का प्रथम आगमन कांग्रेसजनों के लिए उत्सव का अवसर बन गया। स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का भव्य स्वागत किया।
सुबह मंदिर प्रांगण से साहू भवन तक निकाले गए विशाल जुलूस ने नगर में उत्साह का माहौल बना दिया। ढोल-नगाड़ों की थाप, बैनरों की कतारें और स्वागत नारों के बीच कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे जोश में नजर आए। छुरिया नगर में जगह-जगह नागरिकों ने फूल वर्षा कर नवदायित्व प्राप्त नेताओं का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खुज्जी विधायक भोलाराम साहू ने मंच से संबोधित करते हुए दोनों अध्यक्षों को बधाई दी और कहा कि नए नेतृत्व से संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि ग्रामीण और शहरी दोनों स्तरों पर कांग्रेस की गतिविधियों में तेजी आएगी।
दोनों नवनियुक्त अध्यक्षों ने कांग्रेसजनों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का संकल्प दोहराया।
समारोह में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूर्व विधायक छन्नी साहू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रितेश जैन, कार्यकारी अध्यक्ष राजकुमार सिन्हा, जनपद सदस्य चुम्मन साहू, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष राजकुमारी सिन्हा, पार्षद सोनू खान, जनपद सदस्य चंद्रिका वर्मा, सीमा यादव, पुष्पा सिन्हा, लादूराम तुमरेकी, ललित साहू, राम साहू, एकनाथ सिन्हा, अकील मेमन, मोनू खान सहित प्रदेश, जिला, ब्लॉक, मंडल व सेक्टर स्तर के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन में अनुशासन और उत्साह का संगम दिखाई दिया। अंत में कांग्रेसजनों ने नए नेतृत्व के साथ संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने का संकल्प लिया।

