नगर निगम के विकास कार्यों का जायजा : महापौर एवं कलेक्टर ने लिया नालंदा परिसर का निरीक्षण
राजनांदगांव। नगर निगम के निर्माण कार्यों की समीक्षा के क्रम में महापौर श्री मधुसूदन यादव और कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज सुबह निर्माणाधीन नालंदा परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने और ड्राइंग डिज़ाइन के अनुसार गुणवत्ता पूर्ण निर्माण करने के निर्देश तकनीकी अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, निगम अध्यक्ष श्री टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा और शिक्षा विभाग के प्रभारी सदस्य श्री आलोक श्रोती भी मौजूद थे। महापौर श्री यादव ने बताया कि शासन द्वारा विद्यार्थियों के उच्च शिक्षा लाभ के लिए 11.18 करोड़ रुपये की लागत से 500 सीटर नालंदा परिसर की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि रायपुर की तर्ज पर समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि छात्र-छात्राओं को जल्द इसका लाभ मिल सके।
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिसर में सुव्यवस्थित पार्किंग, चारों ओर वॉकिंग पाथवे, लैंडस्केपिंग और सुंदर गार्डन का निर्माण भी समय पर कराया जाए। इसके अलावा टेरेस फ्लोर पर जिम की योजना भी बनाई जाए।
आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा ने निर्माण प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि साइड क्लियरेंस के बाद भूमि समतलीकरण कार्य पूरा हो गया है। वर्तमान में बाउंड्रीवाल का निर्माण हो रहा है और नींव खुदाई व कॉलम ढलाई का कार्य प्रगति पर है। निरीक्षण के दौरान प्र.कार्यपालन अभियंता श्री प्रणय मेश्राम, प्र.सहायक अभियंता सुश्री सुषमा साहू और उप अभियंता श्री तिलक राज ध्रुव सहित तकनीकी अमला मौजूद था।

