तिरंगा यात्रा को लेकर जिले में व्यापक अभियान चलेगा : रमेश पटेल

शेयर करें...

राजनांदगांव। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में हर-घर तिरंगा अभियान व तिरंगा यात्रा को लेकर आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश पटेल ने भाग लेकर जिले में इस अभियान के लिये अब तक किये गये कार्यो का ब्यौरा पेश करते हुये कहा कि जिले में पार्टी कार्यकर्ता हर-घर तिरंगा व तिरंगा यात्रा को लेकर सजग व जागरूक है। मंडल स्तर व जिला स्तर पर बैठकें होकर बूथ स्तर पर इस कार्य में कार्यकर्ताओं को लगाया जा रहा है। भाजपा मीडिया सेल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार भाजपा के इस प्रदेश स्तरीय बैठक में प्रदेश में रहने वाले राष्ट्रीय पदाधिकारियों, राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्यों, राष्ट्रीय मोर्चा के पदाधिकारी, राष्ट्रीय मोर्चा के कार्यसमिति के सदस्यों, प्रदेश भाजपा पदाधिकारी, संभाग प्रभारी-सह प्रभारी, जिला प्रभारी व सहप्रभारी, सांसद-विधायक, जिला भाजपा अध्यक्ष, मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं महामंत्री, प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक, हर-घर तिरंगा अभियान की जिला टोली, विभाजन विभीषिका टोली व युवा मोर्चा के जिला अध्यक्षों ने भाग लिया। उल्लेखनीय है कि पार्टी की ओर से इस बार वृहद पैमाने पर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आव्हान पर हर-घर तिरंगा अभियान चलाया जायेगा। हर-घर तिरंगा अभियान तिरंगे की शान में एक यूनिक फेस्टिवल बन चुका है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जी के निर्देशानुसार 11 से 14 अगस्त तक तिरंगा यात्रा का आयोजन युवा मोर्चा के नेतृत्व में किया जायेगा। 13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक कार्यकर्ता करोड़ों देशवासियों के साथ मिल करके प्रत्येक घर एवं व्यवसायिक केन्द्रों पर हर-घर तिरंगा फहराने हेतु अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगें। इसी प्रकार 12 से 14 अगस्त तक महापुरूषों की प्रतिमा एवं स्मारकों के आस-पास स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किये जायेगें साथ ही 13 से 15 अगस्त के बीच ही महापुरूषों एवं भारतमाता के वीर सपूतों की प्रतिमाओं एवं स्मारकों पर माल्यार्पण किया जायेगा। इस अभियान का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाया जायेगा। इस आयोजन में भारत का विभाजन तथा अभूतपूर्व मानव विस्थापन एवं मजबूरी में पलायन की दर्दनाक कहानी को याद किया जायेगा। इस अवसर पर जिलेभर में सम्मेलन व संगोष्ठी का आयोजन कर विभाजन के काले अध्याय को याद करते हुये लाखों की संख्या में मारे गये लोगों को श्रद्धांजली दी जायेगी।
पार्टी विज्ञप्ति के अनुसार जिला एवं मंडल स्तर पर होने वाले इस कार्यक्रमों के लिए बैठक कर आयोजन को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रदेश स्तरीय बैठक में जिले से तिरंगा यात्रा के जिला संयोजक मूलचंद लोधी, पार्टी के महामंत्री रविन्द्र वैष्णव, आभा तिवारी, लीलाधर साहू, गिन्नी चावला, कमलेश सूर्यवंशी, डीकेश साहू उपस्थित थे।

(यह खबर टीम नेशन अलर्ट द्वारा संपादित नहीं की गई है. जैसी मिली वैसी प्रकाशित हुई है. अत: नेशन अलर्ट किसी भी तरह की गल्ती के लिए जिम्मेदार नहीं है.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *